भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगी आग, 5वीं बोगी जलकर स्वाहा, जान बचाकर भागे यात्री
बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सुबह सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 53212) की एक जनरल बोगी में अचानक आग लग गई।
सासाराम:बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सुबह सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 53212) की एक जनरल बोगी में अचानक आग लग गई। आग ट्रेन की D3 कोच में लगी, जिसके बाद बोगी से तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग जान बचाने के लिए तेजी से ट्रेन से कूदने लगे। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागे। स्टेशन परिसर में काफी देर तक भय और दहशत का माहौल बना रहा। यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी थे। लेकिन खुशकिस्मती से किसी को कुछ नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले जनरल बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक जनरल कोच का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद प्रभावित बोगी को ट्रेन से अलग कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी यात्री द्वारा ज्वलनशील सामग्री ले जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों ने ट्रेनों में नियमित जांच और बेहतर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
dhananjaykumarroy